THURSDAY 01 MAY 2025
Advertisement

PM मोदी ने दिल्ली चुनाव में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं की दिया जीत का मंत्र और केजरीवाल पर कसा तंज

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पार्टी के पदाधिकारी और चुनाव के प्रचार अभियान में जुटे कार्यकर्ताओं से संवाद किया। मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम को पीएम मोदी ने वर्चुअल तरीके से संबोधित किया। संवाद के दौरान पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया।

PM मोदी ने दिल्ली चुनाव में लगे पार्टी कार्यकर्ताओं की दिया जीत का मंत्र और केजरीवाल पर कसा तंज
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिकि माहौल गरमाया हुआ है। इसके लिए आम आदमी पार्टी और बीजेपी आमने-सामने है तो वही कांग्रेस भी चुनाव रण में अपनी मज़बूती पेश कर रही है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के पार्टी के पदाधिकारी और चुनाव के प्रचार अभियान में जुटे कार्यकर्ताओं से संवाद किया। मेरा बूथ सबसे मजबूत  कार्यक्रम को पीएम मोदी ने वर्चुअल तरीके से संबोधित किया। संवाद के दौरान पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दिया। इस दौरान उन्होंने चुनाव में भाजपा की प्रचंड विजय की बात कही। साथ ही दिल्ली की आम आदमी पार्टी की सरकार और अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि ये 'आप' वाले आजकल नारे बुलवाते हैं कि 'फिर आएंगे, फिर आएंगे'। लेकिन, जनता इन्हें जवाब दे रही है कि 'ये फिर खाएंगे, फिर खाएंगे।' 


दिल्ली वाले आप-दा से ऊब गए 

पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली वाले 'आप' वालों की आप-दा और उनके झूठ एवं फरेब से अब ऊब चुके हैं। पहले कांग्रेस ने और फिर आप वालों की आप-दा ने दिल्ली के लोगों से बहुत विश्वासघात किया है। ये आप-दा वाले अब हर दिन एक नई घोषणा कर रहे हैं। इसका मतलब है कि उनको रोज पराजय की नई-नई खबरें मिल रही हैं। ये इतने डरे हुए हैं कि इन्हें रोज सुबह एक नई घोषणा करनी पड़ रही है। लेकिन, अब दिल्ली की जनता इनका खेल समझ गई है। उन्होंने कहा कि अब दिल्ली में जो 'आप' वाले 'आपदा' लाकर बैठे हैं, उन्हें अपने हिस्से का जो पैसा दिल्ली की गलियों, सीवर सिस्टम बनाने, पार्क बनाने और स्वच्छता के लिए लगाना चाहिए था। लेकिन, इन आप-दा वालों ने अपना एक भी दायित्व दिल्ली में निभाया नहीं। झूठ के सहारे इनकी गाड़ी चल जाएगी, ये इसी भरोसे चलते रहे।


PM मोदी ने कार्यकर्ताओं को दिया लक्ष्य

पीएम मोदी ने दिल्ली चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत के लिए कार्यकर्ताओं को टारगेट भी दिए। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में सिर्फ विजय काफी नहीं है। हर बूथ दो लक्ष्य तय कर सकता है। पहला, मतदान के सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे। पिछले 10 साल में जितना मतदान हुआ है, उससे ज्यादा मतदान हमारे बूथ में होगा। दूसरा, मामूली विजय नहीं। हर बूथ पर भाजपा को 50 प्रतिशत से ज्यादा वोट कैसे मिले, इसके लिए बूथ में रहने वाले सभी नागरिकों का दिल जीतना है, उनकी दुआएं लेनी है।


बूथ पर की गई मेहनत रंग लाएगी-मोदी 

पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, '''मेरा बूथ, सबसे मजबूत' केवल एक कार्यक्रम नहीं है। ये भाजपा की जीवंतता, भाजपा की जड़ों की ताकत और जिन जड़ों से भाजपा का विस्तार हुआ है, उसके मूल में आप सब कार्यकर्ताओं ने जिसे अपना जीवन मंत्र बनाया है, वो है 'मेरा बूथ, सबसे मजबूत'। दिल्ली के बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ताओं की क्या ताकत है, ये किसी से छुपा नहीं है। इस बार आपने दिल्ली के हजारों बूथ जीते, तब जाकर सातों सीटों पर भाजपा विजयी हुई है। मुझे पक्का विश्वास है कि दिल्ली में ये जो संगठन की ताकत है, हर बूथ पर तीन-तीन, चार-चार पीढ़ी के कार्यकर्ता हैं, यही शक्ति इस बार विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को प्रचंड विजय दिलाएगी। मुझे विश्वास है कि अपने-अपने बूथ पर आप जो मेहनत कर रहे हैं, उसके चलते आप भारी विजय प्राप्त करने ही वाले हैं।'' उन्होंने कहा कि भाजपा की जीत पक्की करने के लिए दिल्ली की जनता पक्के निर्णय के साथ निकल पड़ी है। साथियों, आपको 5 फरवरी को दिल्ली के लोगों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है। ठंड कितनी ही क्यों न हो, हमें सुबह से ही मतदान की तीव्रता को बढ़ाना है।


बता दें कि दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों के लिए पांच फरवरी को मतदान होंगे और आठ फरवरी को नतीजों की घोषणा होगी।चुनाव आयोग के मुताबिक, दिल्ली में कुल 1 करोड़ 55 लाख मतदाता हैं। इसके अलावा, पुरुष मतदाताओं की संख्या 83.49 लाख, महिला मतदाताओं की संख्या 71.74 लाख है और युवा मतदाताओं की संख्या 25.89 लाख है। दिल्ली में 13 हजार से ज्यादा मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 100 साल से ऊपर के मतदाताओं की संख्या 830 है।

Tags

लाइव अपडेट
Advertisement
Captain (Dr.) Sunaina Singh का ये Podcast आपकी जिंदगी में Positivity भर देगा !
Advertisement